महराजगंज। पनियरा थाना क्षेत्र के माधोनगर निवासी घीसियावन मौर्य ने कुंआचाप स्थित एक विद्यालय के प्रबंधक पर उनके नाती को मारने-पीटने व घर आकर गाली व धमकी देने का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले में बीएसए से शिकायत की है। मुजुरी चौकी पर भी तहरीर दी है।
तहरीर में शिकायतकर्ता ने कहा है कि विद्यालय में उनका नाती शौर्य मौर्य कक्षा दो में पढ़ता है। कुछ दिन पूर्व विद्यालय की एक अध्यापिका ने उनके नाती को बुरी तरह मारा-पीटा, जिससे उसके मुंह से खून निकलने लगा। इसकी शिकायत करने पर विद्यालय के प्रबंधक ने उनके घर आकर पत्नी से गाली-गलौज किया।
दूसरे दिन सुबह प्रबंधक ने अपने भाई के साथ उनके घर जाकर गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। विद्यालय की मान्यता पर भी उन्होंने सवाल उठाए हैं। इस संबंध में विद्यालय प्रबंधक ने कहा कि उनके साथ गाली-गलाैज की गई और धमकी दी गई। उन्होंने मामले में तहरीर दी है।
इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक सुरजीत सिंह ने बताया कि मामले की जांच के लिए समिति गठित की गई है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। चौकी प्रभारी मुजुरी देवेंद्र दूबे ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।