परतावल। जिले की स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने व विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किए गए तबादलों पर सीएचसी, परतावल में अमल नहीं हो सका है। तबादले के एक महीने से अधिक समय बीतने के बाद भी दो चिकित्सक वहां तैनात हैं।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेंद्र कुमार चौधरी की ओर से किए गए तबादले के तहत सीएचसी परतावल में तैनात जनरल सर्जन डॉ. पूर्णिमा जायसवाल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवा भेजा गया है। वहीं, डॉ. अनिल जायसवाल का तबादला सीएचसी, गोपाला व बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. शशिभूषण कुमार का तबादला सीएचसी, रतनपुर किया गया है। एक महीने से अधिक समय बीतने के बाद भी डॉ. पूर्णिमा और डॉ. अनिल सीएचसी, परतावल में ही तैनात हैं। सीएमओ ने तबादले के समय ही अधीक्षक परतावल को चिकित्सकों को रिलीव करने के निर्देश दिए थे।
इस संबंध में सीएचसी परतावल के अधीक्षक डॉ. अमित कुमार ने बताया कि बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. शशिभूषण कुमार को रिलीव कर दिया गया है। शेष दो चिकित्सकों को त्योहार के कारण रोका गया है। त्योहार समाप्त होने के बाद उन्हें भी रिलीव कर दिया जाएगा।