नौतनवा। कस्बे में जनसभा को संबोधित करने के दौरान मुख्यमंत्री ने हिन्दू युवा वाहिनी की सक्रियता के दिनों को याद किया। हिंदू युवा वाहिनी का मुख्यमंत्री के द्वारा जिक्र करने से कयास लगाए जा रहे हैं कि संगठन एक बार फिर अस्तित्व में आ सकता है।
शुक्रवार को जनसभा के दौरान ही जब सीएम ने विगत कुछ वर्ष पहले हिंदू युवा वाहिनी की सक्रिय भूमिका के दौरान अपने पुराने आंदोलनों को जनता के बीच दोहराया तो सभा स्थल नारों की बुलंद आवाजों से गूंज उठा।
मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने कहा कि वह गोरखपुर का सांसद रहते हुए महराजगंज क्षेत्र को अपने ही संसदीय क्षेत्र का एक भाग समझते रहे। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र की जमीनी हकीकत और समस्याएं इसलिए भी मुझसे नहीं छिपी हैं क्योंकि 2017 से पहले यहां कोई भी समस्या होती थी तो आंदोलन के लिए मैं हमेशा उपस्थित रहता था।