महराजगंज। ठंड तेज होते ही गर्म कपड़ों की बिक्री बढ़ गई है। इस बार के फैशन ट्रेंड की बात करें तो युवाओं में वर्धमान व अंगूरा (मुलायम व हल्के) ऊन व फेदर से बने जैकेट व टी शर्ट की मांग बढ़ी है। कारोबारियों के मुताबिक, हल्के वजन, मुलायम और बेहतर गर्माहट के कारण यह कपड़े युवाओं की पहली पसंद हैं। इनकी बिक्री पिछले सीजन की तुलना में इस बार बढ़ी है। युवाओं के लिए मार्केट में इस तरह के स्वेटर, जैकेट 300 रुपये से 3,000 की रेंज में मिल रहे हैं। हर बजट के युवा इनकी खरीदारी कर रहे हैं।
ऊनी कपड़ों के थोक व फुटकर कारोबारी सुनील जायसवाल के मुताबिक, युवा मोटे और भारी कपड़े पहनने से बच रहे हैं इसलिए हल्के में भरपूर गर्माहट वाले कपड़ों का चलन अधिक हो गया है। पहले सर्दी में लोग मोटे स्वेटर, ओवरकोट और कई-कई कपड़े पहन कर निकलते थे लेकिन अब फैशन और सुविधा दोनों को देखते हुए हल्के वजन वाले ऊनी कपड़े अधिक बिक रहे हैं। मुलायम हल्के ऊन व फेदर से बने जैकेट हल्के होने के बाद भी भरपूर गर्मी देते हैं।
इसलिए इन्हें खरीदने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। कारोबारी अभिषेक जायसवाल ने बताया कि कॉलेज जाने वाले युवा और ऑफिस स्टाफ हल्के वजन के जैकेटों को सबसे ज्यादा पसंद कर रहे हैं, क्योंकि यह भारी नहीं लगते और फैशनेबल भी लगते हैं। 500 से 1,000 में अच्छे किस्म का ऊनी जैकेट उपलब्ध हैं। भारी-भरकम कपड़ों की बजाए युवा स्लिम फिट जैकेट लेना ज्यादा पसंद कर रहे हैं।