सोनौली। गोरखपुर से नेपाल अपने तीन मित्रों के साथ घूमने आया एक युवक 21 मार्च को काली गंडकी नदी में नहाते समय लापता हो गया था। नेपाल सेना, नेपाल पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से रविवार को पुलिस ने उक्त युवक का शव बरामद किया। उनके साथ घूमने आए अन्य तीन लोग सुरक्षित हैं।
पाल्पा के पुलिस उपाधीक्षक एवं सूचना अधिकारी सुनील मल्ल ने बताया कि नेपाल में चार दिन से काली गंडकी नदी में लापता भारतीय युवक का रविवार को शव मिला। उसकी पहचान उत्तर प्रदेश के बाढ़ा बुजुर्ग केशवपुर, गोरखपुर निवासी 25 वर्षीय शिवम पांडे के रूप में हुई। वह तीन दोस्तों के साथ नेपाल घूमने आए थे। चार दिन पहले रामदीघाट, बागानसकली ग्रामीण नगर पालिका-5, पाल्पा में कालीगंडकी नदी में नहाते समय लापता हो गए थे। उनका शव घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर नीचे काली गंडकी नदी में मिला। शव को जिला अस्पताल, पाल्पा भेज दिया गया है। संवाद