महराजगंज। कलक्ट्रेट परिसर में सोमवार को भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष रामअशीष के नेतृत्व में किसानों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान पनियरा थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत तेंदुअहिया से जुड़े जमीन के विवाद की जांच, धरनारत किसानों की सुरक्षा और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
रामअशीष ने बताया कि तेंदुअहिया के किसान 11 जून से अपने खेत पर शांतिपूर्ण एवं अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं। कुछ लोगों द्वारा किसानों को डराने-धमकाने और विवाद उत्पन्न करने की कोशिश की जा रही है। इस संबंध में पूर्व में जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी पनियरा को भी सूचना दी जा चुकी है।
किसानों ने मांग की कि धरनास्थल पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और बिना सक्षम मजिस्ट्रेट की उपस्थिति के किसी प्रकार की कार्रवाई न की जाए। भारतीय किसान यूनियन ने यह भी कहा कि 22 जून और 6 जुलाई को दिए गए ज्ञापनों के बावजूद अब तक किसी जांच अधिकारी ने संगठन के पदाधिकारियों से संपर्क नहीं किया और न ही जांच की प्रगति से अवगत कराया।
किसानों का कहना है कि कई वर्षों से जमीन विवाद की निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की जा रही है लेकिन उन्हें केवल आश्वासन ही मिला है। संगठन ने कथित भू-माफियाओं के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने, विवादित जमीन से जुड़े दस्तावेजों एवं पावर ऑफ अटॉर्नी की मजिस्ट्रेट स्तर पर जांच कराने, जोत सीमा से अधिक जमीन की जांच, लगभग 55 एकड़ विवादित जमीन को कानून के प्रावधानों के तहत सुरक्षित करने तथा पट्टाधारी किसानों को उनकी जमीन पर कब्जा दिलाने की मांग उठाई है।
जिला संरक्षक सुरेश चंद सहानी ने कहा कि यदि किसानों की मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो भारतीय किसान यूनियन लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को और व्यापक रूप देगी। ज्ञापन के दौरान मुराली प्रसाद धारिया, अमेरिका, रामवृक्ष, विंध्याचल, अशोक, महेंद्र, दीपक, मनोज, परशुराम यादव, संतोष, सीमा, चंदा और चंद्रावती सहित कई किसान मौजूद रहे।