निचलौल। पंचमुखी शिव मंदिर इटहिया में पूजा करके घर लौट रहे दंपति की बाइक मंगलवार को निचलौल-झुलनीपुर नहर मार्ग पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में गिर गई। हादसे में बाइक पर सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। राहगीरों की मदद से उसे सीएचसी निचलौल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, गोरखपुर जिले के कौड़ीराम निवासी दंपति पंचमुखी शिव मंदिर इटहिया में जल चढ़ाने आए थे। मंगलवार को दर्शन-पूजन के बाद वापस लौटते समय निचलौल-झुलनीपुर नहर मार्ग पर ग्रामसभा कर्महिया के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई। हादसे में बाइक पर सवार राधिका देवी (54) सड़क किनारे गड्ढे में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। राहगीरों ने तत्काल घायल महिला को सीएचसी निचलौल पहुंचाया। इमरजेंसी में तैनात डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि महिला के सिर में गंभीर चोट आई है। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।