परतावल। भिटौली थाना क्षेत्र के सिरसिया गांव के पास सोमवार की रात लगभग नौ बजे अज्ञात वाहन की ठोकर से मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान पिपरा खादर निवासी विजय कुमार (45 वर्ष) पुत्र स्व. तूफानी के रूप में हुई।
बताया जा रहा है कि विजय कुमार गोरखपुर में मजदूरी करते थे। सोमवार को काम खत्म करने के बाद विजय घर लौट रहे थे। इसी दौरान सिरसिया गांव के पास एक वाहन से उतरने के बाद अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार ठोकर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन पुलिस के सहयोग से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल ले गए। वहां चिकित्सक मृत घोषित कर दिया। विजय की मौत की खबर मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पत्नी सिमीरती समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र कुमार राय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।