27 ट्रक और जेसीबी पर 16 लाख का टैक्स बकाया, आरसी जारी
जिले में 400 वाहनों पर करीब डेढ़ करोड़ टैक्स बकाया
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिले में करीब 400 वाहनों पर करीब डेढ करोड रुपये का टैक्स बकाया है। उप संभागीय परिवहन कार्यालय की ओर से बार-बार नोटिस भी भेजा जा रहा था, लेकिन वाहन स्वामियों द्वारा टैक्स जमा नहीं किया जा रहा है। ऐसे में जिले के 27 ट्रक व जेसीबी वाहन स्वामियों को आरसी जारी की गई है।
विभाग की ओर से मिली जानकारी के अनुसार जिले में लंबे समय से वाहन का टैक्स जमा न करने वाले करीब 400 वाहनों का करीब डेढ़ करोड़ रुपये का टैक्स बकाया है। लेकिन विभाग की ओर से बार-बार नोटिस के बाद भी वाहन स्वामी टैक्स जमा नहीं कर रहे हैं। ऐसे वाहन स्वामियों की सूची तैयार अब इन वाहन स्वामियों के लिए आरसी जारी की जा रही है।
एआरटीओ आरसी भारतीय ने कहा कि जिले में लंबे समय से वाहन का टैक्स न जमा करने वाले 28 वाहनों की आरसी जारी कर कलेक्ट्रेट भेजी गई है। जो तहसीलवार है। अन्य टैक्स बकाए में बडे बकाएदारों को जल्द ही आरसी जारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिस वाहन स्वामियों ने अपने वाहन का बकाया टैक्स जमा नहीं किया है, वह जल्द से जल्द अपने बकाया टैक्स जमा कर दें।
15 साल पुराने वाहनों का कराएं पंजीयन
महराजगंज। जिले में वाहन स्वामियों द्वारा 15 साल पुराने वाहनों का पंजीयन नहीं कराया जा रहा है। अब एआरटीओ कार्यालय की ओर से कार्रवाई की तैयारी की जाएगी। विभाग के वरिष्ठ सहायक नसीम अहमद ने बताया कि जिले में करीब 4300 वाहनों का 15 साल पूर्ण हो गया है, लेकिन संबंधित वाहन स्वामियों द्वारा अपने वाहन का पुन: पंजीयन नहीं कराया जा रहा है। अगर जल्द से जल्द पुन: पंजीयन नहीं कराया गया तो पंजीयन निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।