शिक्षक पात्रता परीक्षा आज, पंजीकृत हैं 13782 परीक्षार्थी
- आज दो पालियों में होगी शिक्षक पात्रता परीक्षा, तैयारी पूरी
महराजगंज। बुधवार को होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है। प्रथम पाली में सभी 16 तथा द्वितीय पाली में सात केंद्रों पर होने वाली परीक्षा के लिए कुल 13782 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं।
शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए जिले में बनाए गए सभी 16 केंद्रों पर प्रथम पाली में प्राथमिक वर्ग के 9612 तथा द्वितीय पाली में सात केंद्रों पर उच्च प्राथमिक वर्ग के 4170 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा में लगाए गए पर्यवेक्षकों ने मंगलवार को संबंधित परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्था आदि का जायजा लिया तथा आवश्यक कार्य को पूरा कराया। जिला विद्यालय निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि जिला प्रशासन शिक्षक पात्रता परीक्षा को शुचितापूर्ण व शांतिपूर्ण माहौल में कराने के लिए कटिबद्ध है।
--------------
प्रत्येक केंद्र पर दो पर्यवेक्षकों की होगी तैनाती
शिक्षक पात्रता परीक्षा को बेहतर ढंग से संपन्न कराने व किसी प्रकार की अनैतिक गतिविधियों पर नजर रखने के लिए जिला प्रशासन ने प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर दो पर्यवेक्षकों की तैनाती की है। एक पर्यवेक्षक प्रशासन द्वारा तथा दूसरा शिक्षा विभाग द्वारा नियुक्त किया गया है। रिजर्व के रूप में भी पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। एसडीएम फरेंदा को फरेंदा तहसील के परीक्षा केंद्रों का जोनल अधिकारी नियुक्त किया गया है। जबकि सदर तहसील में बनाए गए परीक्षा केंद्रों के लिए एसडीएम सदर, एसडीएम निचलौल व अपर एसडीएम को जिम्मेदारी दी गई है।
------------
नियंत्रण कक्ष को दे सकते हैं सूचना
शिक्षक पात्रता परीक्षा में किसी प्रकार की विपरीत स्थिति उत्पन्न होने पर सूचना देने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में नियंत्रण कक्ष की स्थापना भी हुई है। परीक्षा से जुड़े जिम्मेदार किसी भी प्रकार की सूचना को कंट्रोल रूम के नंबर 9170631574 तथा जिला विद्यालय निरीक्षक के मोबाइल नंबर 9415811950 पर दे सकते हैं।
---------------
तीन सचल दल परीक्षा पर रखेंगे नजर
जिला प्रशासन ने शिक्षक पात्रता परीक्षा को बेहतर ढंग से संपन्न कराने के लिए तीन सचल दल बनाया है। जिला विद्यालय निरीक्षक, डायट प्राचार्य व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को सचल दल का प्रभारी बनाया गया है। इसके साथ ही स्टेटिक मजिस्ट्रेट व पर्यवेक्षक परीक्षा केंद्रों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखेंगे।