नगर के मियां मोहल्ले की घटना, दो मुर्गी काटने वाले युवकों के आपसी विवाद के दौरान लगा चाकू
निचलौल। नगर के मियां मोहल्ले में शनिवार को सामान खरीदने गए 17 वर्षीय किशोर दो युवकों के विवाद के दौरान चाकू लगने से घायल हो गया। किशोर के चीखने की आवाज सुनकर आसपास के लोग जुट गए। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने घायल किशोर को सीएचसी निचलौल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद किशोर को घर भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, नगर के मारवाड़ी मोहल्ला निवासी अजय अग्रवाल का 17 वर्षीय पुत्र हरिओम अग्रवाल घरेलू सामान खरीदने मियां मोहल्ले में गया था। बताया जा रहा है कि वह एक दुकान के पास पहुंचा ही था कि मुर्गी काटने वाले दो युवकों के बीच विवाद हो रहा था। इसी दौरान किशोर चाकू लगने से घायल हो गया। हरिओम के शोर मचाने पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। इसी दौरान किसी ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल किशोर को सीएचसी निचलौल पहुंचाया। इधर, पुलिस की एक अन्य टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर हमले के कारणों और आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई। सीएचसी की इमरजेंसी में तैनात डॉ. एएम जायसवाल ने बताया कि किशोर के बाएं हाथ में चोट लगी थी। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत सामान्य होने पर उसे घर भेज दिया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र राय ने बताया कि किशोर के पिता अजय अग्रवाल की ओर से तहरीर दी गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।