संदिग्ध परिस्थियों में किशोरी की मौत
मिठौरा। सदर कोतवाली थानाक्षेत्र के ग्राम सभा मोहनापुर में रविवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में एक किशोरी की मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर दाह-संस्कार कर दिया। मोहनापुर निवासी निरंजन कन्नौजिया की पुत्री यशोदा (18) की रविवार की रात अचानक तबियत बिगड़ी और थोड़ी ही देर में उसकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार यशोदा दो महीने से टाइफाइड से पीड़ित थी। उसका महराजगंज स्थित प्राइवेट अस्पताल से इलाज चल रहा था। दो दिन पहले वह इलाज कराकर घर लौटी थी। रविवार की रात तबियत खराब होने पर उसकी मौत हो गई। परिजनों ने सोमवार सुबह सात बजे पुलिस को सूचना दिए बगैर शव का दाह-संस्कार कर दिया। यशोदा पांच बहनों में चौथे नंबर की थी। चौकी प्रभारी सिंदुरिया जयशंकर मिश्र का कहना है तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।