महराजगंज। बरगदवा थाना क्षेत्र के बरगदवा गांव में रविवार को एक किशोरी का शव फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को फंदे से नीचे उतार कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई।
जानकारी के मुताबिक, बरगदवा गांव निवासी लक्ष्मण जायसवाल की आर्थिक हालात ठीक नहीं है। वह रविवार को गांव में एक शख्स के वहां मजदूरी करने गए थे। इसी बीच लक्ष्मण जायसवाल की पत्नी किसी बात को लेकर बेटी लक्ष्मी जायसवाल (11) को फटकार लगा दी। उसके बाद घर के अंदर किसी कार्य करने में व्यस्त हो गई। इसी बीच लक्ष्मी दरवाजे में लगी रेलिंग से दुपट्टे का फंदा लगाकर लटक गई। जब तक बेटी लक्ष्मी पर मां की नजर पड़ती, तब तक लक्ष्मी की मौत हो चुकी थी। इसके बाद वह चीखने-चिल्लाने लगी। बेटी की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। बरगदवा थाना प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश गुप्ता के अनुसार, किशोरी की मौत प्रथम दृश्यता आत्महत्या प्रतीत हो रही है। संवाद