परसामलिक। स्थानीय थाना क्षेत्र के सेवतरी चौकी गांव निवासिनी आरती (16) का शव शुक्रवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे की अंदर छत की कुंडी से लटकता हुआ मिला। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस व फोरेंसिक टीम ने जांच-पड़ताल करके पंचनामा के बाद शव को कब्जे में ले लिया। मामले में पुलिस मृतका का मोबाइल कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, आरती हर दिन की तरह बृहस्पतिवार की रात परिजनों के साथ भोजन करके अपने कमरे में सोने चली गई। सुबह जब काफी देर तक आरती कमरे से बाहर नहीं निकली तो उसकी मां मंजू देवी दरवाजा खटखटाकर आवाज लगाई। इसके बाद भी अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर मृतका की मां ने रोशनदान से कमरे के अंदर झांककर देखा तो अवाक रह गई। कमरे में आरती फंदे से लटकी हुई थी। मृतका की मां की चीख-पुकार सुनकर मौके पर आस-पास के लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दरवाजा तोड़कर कमरे में दाखिल हुई। पुलिस की सूचना पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच जांच-पड़ताल की और सैंपल लेकर अग्रिम कार्रवाई में जुट गई। बाद में पुलिस ने पंचनामा के बाद शव को कब्जे में ले लिया।