पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें कर रहीं तलाश, देर शाम तक नहीं मिला सुराग
भिटौली। स्थानीय थाना क्षेत्र के धर्मपुर बड़ा गांव में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब पिता की डांट से क्षुब्ध होकर एक किशोरी ने देवरिया शाखा बड़ी नहर में छलांग लगा दी। घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस और एनडीआरएफ की टीम देर शाम तक किशोरी की तलाश में जुटी रही।
जानकारी के अनुसार, धर्मपुर बड़ा गांव निवासी बबलू रावत ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। उसकी चार पुत्रियां हैं, जिनमें बड़ी पुत्री का विवाह हो चुका है। अन्य तीन पुत्रियां पिता के साथ घर पर रहती हैं।
बताया जाता है कि मंगलवार सुबह किसी बात को लेकर पिता ने अपनी दूसरी पुत्री खुशी (14) को डांट दिया था। पिता की डांट से आहत किशोरी घर से शौच जाने की बात कहकर सुबह करीब छह बजे निकली और सीधे देवरिया शाखा बड़ी नहर में छलांग लगा दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, किशोरी अचानक दौड़ते हुए आई और नहर में कूद गई। खेतों में काम कर रहे किसानों ने यह देखकर शोर मचाना शुरू किया। सूचना मिलते ही गांव के लोग मौके पर पहुंच गए और किशोरी की तलाश शुरू कर दी। घटना की खबर मिलते ही भिटौली पुलिस भी मौके पर पहुंची और परिजनों के साथ खोजबीन में जुट गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए दोपहर करीब 12 बजे एनडीआरएफ टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और नहर में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। घंटों चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बावजूद शाम लगभग पांच बजे तक किशोरी का कोई सुराग नहीं मिल सका।
घटना के बाद पूरे गांव में मातम और चिंता का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं ग्रामीण भी किशोरी के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। एसओ सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि एनडीआरएफ और पुलिस की संयुक्त टीम लगातार तलाश अभियान चला रही है। नहर में कूदी किशोरी की खोजबीन जारी है।