महराजगंज। परतावल ब्लाॅक के ग्राम सभा पकड़ी दीक्षित में मनरेगा योजना के तहत कराए गए पोखरी सुंदरीकरण कार्य की जांच के लिए गठित टीम बृहस्पतिवार को ग्राम सभा में स्थित पोखरी पर पहुंचकर कार्य की जांच की। मौके पर पहुंची टीम में अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी मनरेगा दिलीप कुमार गौतम ने बताया कि कार्य बेहतर हुआ है। जांच रिपोर्ट खंड विकास अधिकारी को सौंपा जाएगा। जल्द ही मजदूरों का भुगतान किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार परतावल ब्लाॅक के ग्राम सभा पकड़ी दीक्षित में लालगीर पोखरी का सुंदरीकरण कार्य कराया गया था। जिसका मस्टरोल 15 मई को पूरा हो गया था। 18 मई को उक्त कार्य का एमबी हुआ और रोजगार सेवक द्वारा मजदूरी भुगतान के लिए ग्राम पंचायत सचिव का हस्ताक्षर करने के लिए कहा गया। लेकिन सचिव ने मस्टरोल पर हस्ताक्षर नहीं किया। जिस कारण मस्टरोल जीरो हो गया। मनरेगा श्रमिक मजदूरी भुगतान के लिए ग्राम प्रधान के घर पहुंच गए। ग्राम प्रधान ने सचिव पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए खंड विकास अधिकारी से शिकायत की।
खंड विकास अधिकारी ने सचिव से स्पष्टीकरण तलब करते हुए कार्य की जांच करने के लिए तीन सदस्यीय टीम गठन किया था। बृहस्पतिवार को जांच टीम में शामिल एपीओ मनरेगा दिलीप कुमार गौतम, ब्लाॅक तकनीकी सहायक विनोद कुमार ने कार्य स्थल पर पहुंचकर कार्य की जांच की। खंड विकास अधिकारी श्वेता मिश्रा ने कहा कि कार्य की जांच कराई गई है। जांच रिपोर्ट के अनुसार मजदूरों का भुगतान कराया जाएगा।