महराजगंज। उत्तर प्रदेशीय शिक्षक संघ की जिला इकाई के तत्वावधान में बृहस्पतिवार को शिक्षकों ने बीएसए कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। 15 सूत्री मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन बीएसए और एसडीएम को सौंपा।
शिक्षण से इतर मतदाता सूची और वोटर आईडी संबंधित कार्य कराने पर नाराजगी जताई। वहीं सामूहिक बीमा 10 लाख रुपये करने की मांग की। जिलाध्यक्ष केशव मणि त्रिपाठी ने कहा कि शिक्षा गुणवता बढ़ाने के लिए जहां एक तरफ शिक्षकों को निर्देश मिल रहे हैं।
वहीं दूसरी तरफ उनसे मतदाता सूची और वोटर आईडी का कार्य भी लिया जा रहा है। अकेला शिक्षक कितने कार्य कर सकता है। नामांकन बढ़ाने का दबाव शिक्षकों पर है, लेकिन जन्म प्रमाणपत्र और आधार अनिवार्यता लागू किए जाने से नामांकन प्रभावी हो रहा है। यह अनिवार्यता समाप्त की जाए।
एक अप्रैल के बाद नियुक्त शिक्षकों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ देने, पदोन्नति चयन वेतनमान सामान्य स्थानांतरण नीति लागू करने व मानव संपदा पोर्टल माड्यूल अपडेट करने की जरूरत है। मौसम का मिजाज देखकर स्कूल का समय सुबह सात बजे से दोपहर 12 बजे तक करने की मांग की।
उपाध्यक्ष बैजनाथ सिंह ने कहा कि शिक्षकों को इस कदर परेशान किया जा रहा है कि पूरे प्रदेश में शिक्षक मजदूर दिवस के दिन अपनी मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन को बाध्य हुए। सामूहिक बीमा कटौती वापस करते हुए सामूहिक बीमा राशि 10 लाख रुपये करने, दिव्यांग वाहन भत्ता व 17140 वेतनमान शिक्षक हित के लिए जरूरी है।
जिला संयुक्त मंत्री अखिलेश पाठक ने कहा कि अगर हमारी मांगों पर तत्काल कारगर कदम नहीं उठाया जाता है तो राजधानी पहुंचकर संघर्ष करेंगे। धरने को कोषाध्यक्ष मनौव्वर अली ने भी संबोधित किया। धरने के बाद एसडीएम रमेश कुमार को शिक्षक संगठन पदाधिकारियों ने ज्ञापन सौंपा।
इस मौके पर राघवेंद्र पांडेय, धन प्रकाश त्रिपाठी, हरीश शाही, संजय यादव, अरविंद गुप्ता, वीरेंद्र सिंह, विजय प्रताप पांडेय, अलाउद्दीन खान, विजय यादव, देवेंद्र मिश्र, मनोज वर्मा, धन्नू चौहान, राजेश यादव मौजूद रहे।