डीआईओएस कार्यालय पर धरना देते शिक्षक।
महराजगंज। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के बैनर तले बुधवार को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर शिक्षकों ने धरना-प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर आक्रोश व्यक्त कर तत्काल कार्रवाई की मांग की। संगठन के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र मांगें पूरी नहीं की गईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष प्रभात कुमार पांडेय ने बताया कि महात्मा गांधी इंटर कॉलेज, सिसवा बाजार में कार्यरत शिक्षक पंकज कुमार और मोहम्मद हशीम का 15 दिन का वेतन दस्तावेज सत्यापन के नाम पर रोक लिया गया है। उन्होंने मांग किया है कि एरियर के रूप में तत्काल भुगतान सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा, बापू शताब्दी इंटर कॉलेज, जाहवा में कार्यरत शिक्षक डॉ. विजय कुमार पटेल के लंबित एरियर भी भुगतान किया जाए। शिक्षकों के वेतन से सामूहिक बीमा की कटौती को मानव संपदा पोर्टल पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया जाए। साथ ही बोर्ड परीक्षा और मूल्यांकन पारिश्रमिक का लंबित भुगतान तुरंत किया जाए।
संगठन ने मांग किया कि इन पत्रावलियों का त्वरित निस्तारण हो और चयन-पदोन्नति वेतनमान की बैठकों की तारीख वर्ष की शुरुआत में ही निर्धारित की जाए। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में पत्रावलियों के निस्तारण की समय सीमा तय की जाए और जानबूझकर पत्रावलियों को लंबित रखने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।
जिला कोषाध्यक्ष तेज बहादुर पाल ने बताया कि प्रदेश के सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक अपनी मांगों को लेकर लंबे समय से आंदोलनरत हैं। इस अवसर पर जिला मंत्री अरुण कुमार पांडेय, त्रियुगी नारायण, विजय प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।