माध्यमिक शिक्षकों ने डीआईओएस कार्यालय पर रखा उपवास, सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ने शिक्षकों की समस्याओं को दूर कराने की मांग को लेकर शनिवार को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर उपवास रखा। 13 सूत्री ज्ञापन जिला विद्यालय निरीक्षक को सौंपा।
संघ के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य श्रीराम सिंह ने कहा कि सरकार पेंशन मामलों में विशेष रुचि नहीं ले रही है। जब तक पुरानी पेंशन व्यवस्था को बहाल नहीं किया जाएगा तब तक शिक्षकों का हित सुरक्षित नहीं हो सकेगा। शिक्षकों के हितों को लेकर सरकार को गंभीरता दिखानी होगी। ज्ञापन में वित्तविहीन विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों को समान पारिश्रमिक दिए जाने, महंगाई भत्ते की कटौती को वापस किए जाने, विद्यालय में कार्यरत कंप्यूटर व व्यवसायिक शिक्षक को पूर्णकालिक शिक्षक का दर्जा देने, चयन बोर्ड अधिनियम की धारा को बहाल करने, शिक्षकों को नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा अनुमन्य किए जाने, महिला शिक्षकों को अनुमन्य अवकाश की सुविधा प्रदान करने, शिक्षकों के स्थानांतरण नीति में आवश्यक संशोधन करने, सामूहिक बीमा की सुविधा को बहाल करने, लेखा पर्ची निर्गत करने, शिक्षकों के प्रोन्नति व वेतनमान संबंधी मामले को शीघ्र निस्तारित करने तथा व्यवसायिक शिक्षकों का वेतन शीघ्र दिए जाने की मांग की गई है। इस दौरान जिलाध्यक्ष अशोक कुमार राय, जिला मंत्री वीपी सिंह, अरुण पांडेय, सूरज शुक्ल, दीपचंद्र त्रिपाठी, अजीत यादव, तेजबहादुर, संजय राय, मनोज कन्नौजिया, अनिल पटेल, राजेश कुमार, रमेशचंद यादव, केसी उपाध्याय, राजेश सिंह आदि मौजूद रहे।