विद्यार्थियों को क्षय रोग के प्रति किया गया जागरूक
महराजगंज। जनपद में जारी 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत बृजमनगंज ब्लॉक स्थित महात्मा गांधी इंटर कॉलेज में छात्र-छात्राओं को क्षय रोग के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को टीबी रोग के लक्षण, बचाव और समय पर उपचार के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को टीबी रोग के बारे में जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से बताया गया कि टीबी एक संक्रामक रोग है, लेकिन समय पर जांच और नियमित उपचार से इसे पूरी तरह ठीक किया जा सकता है। छात्रों को 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान के उद्देश्यों से भी अवगत कराया गया। उन्हें बताया गया कि जनपद में तीन हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीनों के माध्यम से विभिन्न उच्च जोखिम वाले गांवों में कैंप लगाकर निशुल्क चेस्ट एक्स-रे किया जा रहा है। इन शिविरों का उद्देश्य संभावित क्षय रोगियों की समय रहते पहचान कर उनका उपचार सुनिश्चित करना है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इस अभियान की जानकारी दें तथा अधिक से अधिक लोगों को जांच शिविरों तक पहुंचने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास और जनजागरूकता से ही समाज को टीबी मुक्त बनाया जा सकता है। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य राम अवतार, स्वास्थ्य विभाग के स्वास्थ्य पर्यवेक्षक जितेंद्र कुमार टीबीएचवी तथा अन्य शिक्षकगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।