निचलौल। थाना क्षेत्र के एक गांव में झाड़-फूंक करने के बहाने तांत्रिक ने एक युवती से छेड़छाड़ करने के बाद भाग निकला था। वहीं, इस मामले में पुलिस युवती के मां की तहरीर पर आरोपी तांत्रिक के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश में जुटी थी। इसी बीच रविवार को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी तांत्रिक संत कुमार पाठक को हरदी गांव स्थित हरदी नहर से गिरफ्तार कर लिया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव कन्नौजिया के अनुसार, पीड़िता की मां ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि गांव के ही संतकुमार पाठक का उनके घर आना-जाना था, वह झाड़-फूंक करता है। आरोप है कि 13 नवंबर को उनके घर आया और बताया कि उनकी बेटी पर भयानक प्रेत का साया है। उसी रोज दोपहर में आरोपी फिर आया और झाड़-फूंक की बात कहने लगा। इस दौरान घर में सिर्फ वह और उनकी बेटी ही मौजूद थीं। पीड़ित युवती की मां का कहना है तांत्रिक ने छत पर पहले पानी में कुछ मिलाकर बेटी पिलाया और फिर काजू किशमिश खिलाया। उसके कुछ ही देर बाद बेटी का सिर भारी होने लगा।
इसके बाद तांत्रिक ने युवती की मां से कहा कि आप छत से नीचे चली जाइए, वरना प्रेत आपके ऊपर भी आ सकता है। आरोप है कि इसके बाद तांत्रिक युवती से अश्लील हरकत करने लगा। बेटी के शोर मचाने पर वह छत पर पहुंचीं तो तांत्रिक भाग निकला। इस मामले में आरोपी तांत्रिक के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश की जा रही थी। इसी बीच उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि युवती के साथ वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी कहीं भागने के फिराक में हरदी गांव के पास हरदी नहर पर खड़ा है। उक्त सूचना को गंभीरता से लेते हुए टीम के साथ पहुंच घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।