महराजगंज/निचलौल। थाना क्षेत्र के एक गांव में झाड़-फूंक करने के बहाने युवती के साथ अश्लील हरकत करने वाला आरोपी शख्स बच्चों को कोचिंग भी पढ़ाता है। सूत्रों के मुताबिक आरोपी बहुत ही मनचला किस्म का है। वह महिलाओं और लड़कियों से अक्सर अश्लील हरकत भी करता था। उसके पास नेपाल से भी महिलाएं इलाज कराने आती थीं। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें जुट गई हैं।
झाड़-फूंक करने के बहाने युवती के साथ अश्लील हरकत करने की करतूत गांवों में काफी चर्चा बनी हुई है। पुलिस के कार्रवाई के बाद शनिवार को गांव के गली-मोहल्ले और चौराहे पर जुटे लोग दबी जुबान आरोपी के काले कारनामों की चर्चा करते रहे। लोगों के मुताबिक आरोपी शख्स बच्चों को कोचिंग पढ़ाने के साथ ही इधर-उधर घूम झाड़-फूंक भी करता था। हालांकि, शख्स को झाड़-फूंक का कोई ज्ञान नहीं है, फिर भी आरोपी शख्स गांव सहित दूर-दराज के अंजान लोगों को झांसे में लेकर भूत-प्रेत का साया बताकर उन्हें तंत्र-मंत्र से ठीक करने का दावा भी करता था। फिर उनका झाड़-फूंक के नाम पर लंबे समय तक आर्थिक और शारीरिक शोषण करता। इतना ही नहीं बात न मानने पर तंत्र-मंत्र से बर्बाद करने की धमकी देकर डराता और धमकाता भी था। वहीं सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक महिलाओं और लड़कियों के प्रति आरोपी शख्स का व्यवहार बहुत ही गलत था। इससे पहले भी आरोपी शख्स कई महिलाओं के साथ ऐसी हरकत कर चुका है। फिलहाल वह मामले थाने तक नहीं पहुंचे। अब जब मामला थाने पहुंचा तो पुलिस के कार्रवाई से आरोपी की करतूत उजागर हो गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव कन्नौजिया ने आरोपी शख्स संत कुमार पाठक के खिलाफ केस होने की पुष्टि की। वहीं आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से दूर है।