सिसवा बाजार। बिजली विभाग ने बृहस्पतिवार को क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाकर बकाएदारों व बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान पांच लोगों के खिलाफ बिजली चोरी के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई। बकाएदारों से 2.85 लाख रुपये की राजस्व वसूली की गई।
सिसवा क्षेत्र में चलाए गए अभियान के तहत अवर अभियंता सत्यम कुमार गौड़ के नेतृत्व में विभागीय टीम ने सबया गांव में घर-घर पहुंचकर विद्युत कनेक्शनों और बकाया बिलों की जांच की। इस दौरान लंबे समय से बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 55 कनेक्शन काटे गए। चेकिंग के दौरान पांच उपभोक्ताओं को बिजली चोरी करते पाए जाने पर उनके खिलाफ विद्युत चोरी की धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई गई।
अवर अभियंता सत्यम गौड़ ने बताया कि बिजली चोरी और बड़े बकाएदारों के खिलाफ चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने बकाएदार उपभोक्ताओं से समय से बिजली बिल जमा करने की अपील करते हुए कहा कि बकाया भुगतान नहीं करने पर किसी भी समय कनेक्शन काटा जा सकता है। इस अभियान में जमील अहमद, शिवनाथ, अजय, भग्गन, जमील, सन्नी, विनोद, बबलू, पीयूष समेत विभागीय लाइनमैन मौजूद रहे।