ठंडा पानी, कोल्डड्रिंक और आईसक्रीम कर देगा बीमार
महराजगंज। जनपद में मौसम के तेज उतार-चढ़ाव ने लोगों की सेहत पर असर डाला है। दिन में गर्मी और रात में ठंडक के कारण वायरल संक्रमण तेजी से फैल रहा है। जिला अस्पताल में रोजाना मरीजों की भीड़ जुट रही है।
मंगलवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की लंबी कतारें लगी रहीं। फिजिशियन डॉक्टर पवन कुमार ने बताया कि मौसम परिवर्तन के चलते शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर पड़ रही है। इससे सर्दी, जुकाम, खांसी, बुखार और सांस संबंधी समस्याएं बढ़ गई हैं। रोजाना ओपीडी में 100 मरीज ऐसे पहुंच रहे हैं। डॉ. पवन कुमार ने बताया कि इस मौसम में ठंडी चीजों का सेवन पूरी तरह से बंद कर देना चाहिए। ठंडा पानी, कोल्ड ड्रिंक, आइसक्रीम और अन्य ठंडी वस्तुओं से परहेज करें, अन्यथा जुकाम और खांसी जैसी शिकायतें बढ़ सकती हैं। उन्होंने सलाह दी कि गुनगुना पानी पिएं, फुल स्लीव कपड़े पहनें और हल्का गर्म भोजन लें।
डॉक्टर के अनुसार, अचानक मौसम बदलने से वायरल फीवर के मामले भी सामने आ रहे हैं। अस्पताल में आने वाले अधिकांश मरीज सांस की तकलीफ, नाक बंद होना और लगातार खांसी की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। जिला अस्पताल के चिकित्सकों का कहना है कि मौसम में परिवर्तन के कारण प्रतिरक्षा प्रणाली प्रभावित हो रही है। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। डॉक्टरों ने लोगों से अपील की है कि बिना जरूरत के ठंडी चीजें न खाएं-पिएं। साथ ही घरेलू उपाय जैसे हल्दी वाला दूध, अदरक वाली चाय और भाप लेना फायदेमंद हो सकता है। अगर लक्षण बिगड़े तो तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें।