- विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी अनुनय झा ने दिया निर्देश
कृत्रिम गर्भाधान में न्यून प्रगति वाले तीन पशु चिकित्सा अधिकारियों को चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास में मासिक लक्ष्य को प्राप्त करने में असफल सचिवों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। सचिव जल्द से जल्द आवास के निर्माण को पूरा कराएं अन्यथा कार्रवाई झेलने के लिए तैयार रहें। कृत्रिम गर्भाधान में न्यून प्रगति वाले तीन पशु चिकित्सा अधिकारियों को चेतावनी दिया।
ये निर्देश जिलाधिकारी अनुनय झा ने बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों के संबंध में हुई बैठक में दिए। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में टीएचआर प्लांट लगे हैं, उनमें विद्युत आपूर्ति संबंधी बाधा को दूर करने का कार्य किया जाए। अस्पतालों में दवाओं की नियमित उपलब्धता के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को नियमित रूप से जांच के निर्देश दिए। कायाकल्प योजना के तहत 19 पैरामीटरों पर विद्यालयों को संतृप्त करने का निर्देश दिया। सी व उससे नीचे की ग्रेडिंग वाली योजनाओं में तत्काल सुधारने को कहा। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार राय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नीना वर्मा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता व पोषण सत्र के लिए नामित करें नोडल
अकांक्षात्मक ब्लॉकों के नियमित समीक्षा के दौरान डीएम ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिया कि वे अकांक्षात्मक ब्लॉकों में होने वाले ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता व पोषण सत्र के लिए नोडल अधिकारी को नामित करें। आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण वाटिका बनाने के साथ ही कृषि यंत्रों के सहारे पराली प्रबंधन पर जोर देने को कहा।