ई-रिक्शा का कर दिया भुगतान लेकिन नहीं हुई खरीद
डीपीआरओ ने की कार्रवाई, एडीओ को सौंपी जांच
महराजगंज। ग्राम पंचायत सुकरौली उर्फ अरघा में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) में वित्तीय अनियमितता के आरोप में डीपीआरओ ने सचिव को निलंबित कर दिया है। आरोप है कि कचरा उठान के लिए ई-रिक्शा खरीद का भुगतान किया गया लेकिन वास्तव में खरीदारी की ही नहीं गई। डीपीआरओ की जांच के दौरान मामला सामने आने पर यह कार्रवाई की गई। डीपीआरओ ने मामले की जांच लक्ष्मीपुर के एडीओ पंचायत को सौंपी है।
विकास खंड नौतनवां की ग्राम पंचायत सुकरौली उर्फ अरघा का डीपीआरओ ने शुक्रवार को निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि एसएलडब्ल्यूएम (सालिड एण्ड लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट) के तहत ई-रिक्शा खरीदने के लिए पीएफएमएस के जरिये 1.35 लाख रुपये का भुगतान चार सितंबर 2024 को किया गया था लेकिन वास्तविकता में ई-रिक्शा की खरीद नहीं की गई। डीपीआरओ ने इसे गंभीर वित्तीय अनियमितता बताते हुए सचिव अवधेश कुमार यादव को शनिवार निलंबित कर दिया।
डीपीआरओ ने निलंबन अवधि के दौरान उक्त सचिव लक्ष्मीपुर एडीओ पंचायत कार्यालय से अटैच करते हुए जांच का दायित्व एडीओ पंचायत लक्ष्मीपुर को सुपुर्द किया है। डीपीआरओ की कार्रवाई से विभाग में खलबली मची है। सचिव गण अपने-अपने अधिकार क्षेत्र वाली पंचायतों में स्वच्छ भारत मिशन की फाइलें दुरुस्त करने लगे हैं।
वर्जन
जांच में वित्तीय अनियमितता सामने आने पर सुकरौली के सचिव अवधेश यादव पर कार्रवाई की गई है। अनुशासनिक कार्रवाई प्रचालित कर तत्काल प्रभाव से सचिव को निलंबित किया गया है।
- श्रेया मिश्रा, डीपीआरओ, महराजगंज