धूप निकलने के बाद अंबेडकर पार्क में खेलते बच्चे ।
- फोटो : MAHARAJGANJ
धूप खिली तो कम हुई गलन, पछूवा हवा की गति रही धीमी
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। मौसम का मिजाज शुक्रवार को अचानक खराब हुआ तो गलन बढ़ गई। जिले के कुछ क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हुई। वहीं शनिवार की सुबह से ही मौसम साफ रहा। सुबह करीब आठ बजे के बाद कोहरा कम हो गया। नौ बजे तक धूप निकल गई। दोपहर तक चटख धूप हुई तो गलन थोड़ी कम हुई। दिन भर धूप खिली रही। वहीं पछूआ हवा की गति धीमी रही। ज्यादा देर तक धूप में बैठने पर गर्मी का एहसास होने लगा।
शहर के आंबेडकर पार्क में लोग धूप का आनंद लेते हुए दिखे। बच्चे भी धूप में पार्क में खेलते हुए नजर आए। अस्पताल परिसर में मरीज भी बाहर धूप में बैठे नजर आए। तीमारदारों को भी धूप निकलने से राहत मिली। यही नहीं मौसम साफ होने पर किसानों ने भी खेतों में दवा का छिड़काव किया। दिन भर धूप खिली रही। बाजार में भी हर रोज से ज्यादा चहल पहल रही। निचलौल क्षेत्र के कुडिया मंदिर पहुंचे सूर्यदेव ने बताया कि मौसम खराब रहने के कारण मंदिर नहीं आ पाया था। धूप निकली तो आराम से बाइक से मंदिर पहुंच कर मां दुर्गा का दर्शन किया। धूप रहने से बाइक से यहां तक पहुंचने में परेशानी नहीं है। पछूआ हवा का असर भी कम रहा। जिला अस्पताल में मोहनापुर के वीरेंद्र प्रसाद ने बताया कि ऐसे ही मौसम साफ रहा तो ठंड का असर कम हो जाएगा। मौसम विशेषज्ञ कैलाश पांडेय ने बताया कि आने वाले दिनों में मौसम साफ रहने की संभावना है। सुबह शाम कोहरा रहेगा। इसके अलावा पछूआ की गति में कुछ खास बढ़ोत्तरी नहीं होने से गलन भी कम रहेगी।