नौतनवा/महराजगंज।पिछले सात दिनों से बहादुर शाह नगर में अवैध कब्जे के विरोध में अनशन पर बैठे सुभाष वर्मा का अनशन खत्म हो गया। तहसीलदार केशव प्रसाद के लिखित कार्रवाई के आश्वासन के बाद जूस पिलाकर अनशन समाप्त करवाया।
सभासद प्रतिनिधि सुभाष वर्मा का आरोप था कि उनके वार्ड में सार्वजनिक खलिहान की भूमि पर कुछ लोग कब्जा कर निर्माण करा रहे हैं। शिकायत कई बार प्रशासन से की जा चुकी है। लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। तहसीलदार ने कहा कि जांच में प्रथम दृष्टया पाया गया है कि कब्जा की गई जमीन जमींदारी क्षेत्र की है।
जो विभिन्न खातेदारों के नाम दर्ज है। हालांकि निर्माण कार्य को रोक दिया गया है। जांच कर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। महराजगंज कार्यालय के मुताबिक काश्तकारों की सार्वजनिक उपयोग की भूमि पर अवैध कब्जा हटवाने की मांग को लेकर सोमवार को चौथे दिन भी भारतीय किसान यूनियन के लोगों ने कलेक्ट्रेट के समक्ष धरना दिया।
पनियरा ब्लॉक के अध्यक्ष रामअशीष ने कहा कि सदर क्षेत्र के माधोनगर के काश्तकारों की सार्वजनिक उपयोग की भूमि, नाली आदि पर अभिराज चौरसिया विद्यालय के प्रबंधक अवैध तरीके से कब्जा किए हैं। कब्जे वाले जमीन पर निर्माण किया जा रहा है। शििकायत पर भी कार्रवाई नहीं की गई।
कहा कि जबतक मांगे पूरी नहीं हो जाती तब तक धरना समाप्त नहीं किया जाएगा। राजेन्द्र सिंह, साधूशरण, विनोद कुमार सिंह, फौजदार, तीरथ मौर्या, हरिद्वार, मुन्ना सिंह, बेचू प्रसाद के अलावा तमाम कार्यकर्ता उपस्थित रहे।