नगर में लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने कारण को पकड़ा
नौतनवा। मुख्य मार्ग पर चलती कार से बाहर निकलकर स्टंटबाजी करना युवक को भारी पड़ गया है। मंगलवार को अमर उजाला में (चलती कार से स्टंटबाजी का वीडियो वायरल) शीर्षक से खबर प्रकाशित होने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नौतनवा पुलिस ने मंगलवार की शाम उक्त कार को पकड़कर 50 हजार रुपये का चालान काटने के साथ ही गाड़ी को भी सीज कर दिया।
बता दें कि सोशल मीडिया के फेसबुक प्लेटफार्म पर नौतनवा कस्बे का बताते हुए एक वीडियो वायरल हो रहा था। जिसमें रविवार की देर रात एक काले रंग की चलती कार से अपना आधा शरीर बाहर निकालकर युवक वाहन की खिड़की पर बैठकर स्टंटबाजी करता हुआ दिखाई दे रहा था। मंगलवार को जब यह खबर अमर उजाला में प्रकाशित हुआ तो पुलिस अधीक्षक सख्त ने मामले में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देश के बाद वाहन और उसके चालक की तलाश के लिए सुबह से लगाए दोपहर तक नौतनवा पुलिस ने कस्बे में लगे पचास से अधिक सीसी कैमरों की फुटेज को खंगाल डाला। देर शाम उन्हें सफलता मिली और गाड़ी को स्टंटबाज युवक के साथ दबोच लिया।
थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव ने बताया कि वाहन से स्टंटबाजी कर अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालना अपराध है, जिसे हरगिज बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। स्टंटबाजी का मामला सामने आने के बाद मंगलवार की शाम उक्त चारपहिया को पकड़कर 50 हजार रुपये का चालान करते हुए वाहन को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया है।
पुलिस को पांच घंटे तक छकाता रहा स्टंटबाज
नौतनवा। कस्बे के मुख्य मार्ग पर रफ्तार में चलती चार पहिया वाहन से बाहर निकलकर स्टंटबाजी करने वाला युवक मंगलवार को वाहन बुकिंग में जाने की बात कहकर करीब पांच घंटों तक पुलिस को छकाता रहा। थक-हारकर पुलिस ने जब युवक का लोकेशन ट्रेस करना शुरू किया तो उसके कस्बे में 2 किलोमीटर के आसपास में होने की जानकारी सामने आई। थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव ने बताया कि सीसीटीवी की जांच के दौरान वाहन में आगे नंबर प्लेट लगा हुआ था। जिसके आधार पर स्टंटबाजी करने वाले युवक का मोबाइल नंबर मिला। फोन पर बात करने के दौरान वह कभी गोरखपुर तो कभी आजमगढ़ में गाड़ी बुकिंग में लेकर जाने की बात कहते हुए गुमराह करता रहा। जिले से जब उसका लोकेशन मिला तो नौतनवा कस्बे में ही आसपास ट्रेस हुआ। उन्होंने बताया कि पुलिस की अलग-अलग टीमें लगाकर करीब पांच घंटे बाद युवक को गाड़ी के साथ पकड़ पाने में सफलता मिल पाई। संवाद