-निचलौल तहसील चौराहे से महेशपुर कबेलवा तक जानी वाली करीब 6 किलोमीटर लंबी सड़क तीन साल से बदहाल
संवाद न्यूज एजेंसी
निचलौल। क्षेत्र के तहसील चौराहे से कोहड़वल की ओर जाने वाली बदहाल सड़क को बनवाने के लिए छात्रों ने जाम लगाकर आवाज बुलंद की। करीब एक घंटे तक सड़क जाम के चलते राहगीरों को आने-जाने में परेशानी हुई। वहीं कुछ लोगों के समझाने के बाद नाराज छात्र शांत होकर पढ़ने के लिए स्कूल चले गए।
प्रदर्शन के दाैरान मौजूद छात्र रितेश, चंदन, आलोक, विनय, अभिषेक आदि ने बताया कि निचलौल तहसील चौराहे से महेशपुर कबेलवा तक जाने वाली करीब 6 किलोमीटर सड़क तीन साल से बदहाल है। हालांकि इसको बनवाने के लिए जिम्मेदारों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन सड़क की हालत जस की तस है। इस सड़क से प्रतिदिन स्कूल जाने वाले छात्र और आम राहगीर गिरकर घायल हो रहे हैं। फिर भी क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और विभाग के जिम्मेदार बेखबर हैं। इसी वजह से स्कूली छात्रों में नाराजगी है।
-
बीते दिनों हुई बारिश से बदहाल सड़क पर जलभराव हो गया था। इस दौरान सड़क पर गड्ढों का पता नहीं चल सका। ऐसे में तीन अक्तूबर को स्कूल से घर लौटने के दौरान साइकिल गड्ढे में गिर गई तो चोट लग गई थी।
-रितेश, बूढ़ाडीह खुर्द
-
हर रोज की तरह पांच अक्तूबर को घर से स्कूल जाने के लिए निकले थे। अभी स्कूल के निकट पहुंचे थे। इसी बीच अचानक उनकी साइकिल का पहिया गड्ढे में गिरने से चोट लग गई। लोगों की मदद से निजी क्लीनिक पर दवा कराकर घर भेज दिया गया।
-चंदन, रौतार
28 सितंबर को स्कूल से घर लौट रही थी। स्कूल से छुट्टी के दौरान अनियंत्रित होकर गिर पडी, इससे हल्की चोट लगी। सड़क पर गड्ढों के वजह से साइकिल से गुजरना भी मुश्किल रहता है। समस्या का समाधान कराने की दिशा में कोई गंभीर नहीं है।
-रागिनी गुप्ता, बाली
-
हर रोज की तरह बीते 16 सितंबर को दो सहेलियों के साथ स्कूल जाने के लिए घर से निकली। अभी गांव के सामने मुख्य सड़क पर पहुंची, इसी बीच वह पीछे से आ रहे वाहन से बचने के चक्कर में साइकिल लेकर सड़क पर गिर गई। जिस दौरान उनके पैर में गंभीर चोट आ गईं थीं।
-प्रीति चौधरी, कपियां
-
सड़क से इन गांवों के गुजरते हैं लोग
वर्षों से बदहाल पड़ी सड़क से होकर कपियां, पिपराकाजी, कोहड़वल, रौतार, औराटार, सिसवाडीह, महेशपुर कबेलवा, दुधराई, तुलसीपुर, खंभागढ़ और सिंहपुर सहित अन्य गांवों के करीब 45 हजार आबादी के लोग गुजरते हैं। पिछले करीब तीन वर्षो से बदहाल पड़ी सड़क से होकर इन लोगों को गुजरने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
-
बीच में करीब तीन से चार किलोमीटर सड़क बदहाल है। जिसे बनवाने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। स्वीकृत मिलने के बाद से सड़क का निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
-गंगाराम शुक्ला, अवर अभियंता, लोक निर्माण विभाग