-टीकाकरण से छूटे हर बच्चों और गर्भवती को प्रतिरक्षित करने के लिए 14 अक्तूबर तक चलेगा अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। टीके से वंचित बच्चों को बीमारियों से बचाने के लिए नियमित टीकाकरण जरूर कराएं। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान 14 अक्तूबर तक चलेगा।
उक्त बातें मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. नीना वर्मा ने नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर नियमित टीकाकरण कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए कहीं। उन्होंने बताया कि टीकाकरण से वंचित बच्चों और गर्भवती को प्रतिरक्षित करने के उद्देश्य से '' सघन मिशन इंद्र धनुष '' का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से 0-5 वर्ष तक के बच्चों को 12 विभिन्न बीमारियों से जैसे- तपेदिक, गलाघोंटू, टिटनेस, काली-खांसी, इन्फ्लूएंजा, हेपेटाइटिस-बी, खसरा, रूबेला, दिमागी बुखार (जापानी इंसेफलाटिस) निमोनिया, पोलियो एवं रोटा वायरस जनित डायरिया से बचाव के लिए प्रतिरक्षित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
डिप्टी सीएमओ डाॅ. वीर विक्रम सिंह ने कहा कि नियमित टीकाकरण पूरी तरह से सुरक्षित और असरदार है। गर्भवती तथा बच्चों में प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाला है। इस लिए टीकाकरण को अपनाने की जरूरत है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डाॅ. केपी सिंह ने जन सामान्य से अपील कि है कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा बच्चों और गर्भवती के उत्तम स्वास्थ्य के लिए चलाए जाने वाले लाभकारी अभियान की सफलता के लिए पूर्ण मनोयोग से सहयोग करें। इस अवसर पर नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. नमिता गुप्ता, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी श्रीभागवत सिंह मौजूद रहे।