स्थानीय राजनीतिक कार्यकर्ताओं के साथ छात्रों ने सड़क पर किया प्रदर्शन
खराब सड़क के कारण आए दिन हो रही दुर्घटनाओं से परेशान हो गए थे छात्र
निचलौल। निचलौल-दुधराई मार्ग की बदहाल स्थिति से परेशान स्कूली बच्चों का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा। राजनीतिक पार्टी के कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के साथ बच्चों ने कापियां गांव के पास सड़क पर प्रदर्शन करते हुए सड़क निर्माण की मांग उठाई।
जानकारी के अनुसार, हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर नारेबाजी कर रहे छात्रों को पुलिस ने समझाने का प्रयास किया लेकिन वे मौके पर किसी जिम्मेदार अधिकारी को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। बाद में पुलिस उन्हें तहसील परिसर ले गई जहां तहसीलदार अमित कुमार सिंह ने ज्ञापन लेकर संबंधित विभाग से वार्ता कर शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद छात्रों का प्रदर्शन समाप्त हुआ।
प्रदर्शन में शामिल छात्रों ने बताया कि बरसात के दिनों में जर्जर सड़क पर आवागमन बेहद कठिन हो गया है। आए दिन छात्र-छात्राएं गड्ढों में गिरकर चोटिल हो जाते हैं और स्कूल पहुंचने तक उनके कपड़े भी खराब हो जाते हैं। प्रदर्शन में शामिल अंगद भारती, संतोष सवारिया और जाहिद अली ने बताया कि तहसील चौराहे से पिपरा काजी, कोहड़वल होते हुए दुधराई तक जाने वाला यह मार्ग करीब 20 गांवों की जीवनरेखा है। इसी मार्ग पर आठ विद्यालय स्थित हैं, इसी वजह से से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और ग्रामीण आवागमन करते हैं।
लोगों ने बताया कि सड़क विशेष मरम्मत के लिए चयनित होने के बाद ठेकेदार ने कार्य शुरू कर सड़क उखाड़ दी। कुछ स्थानों पर गिट्टी भी डाली, लेकिन लंबे समय से निर्माण कार्य बंद पड़ा है। इससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।
वर्जन
स्कूली बच्चों की ओर से सड़क निर्माण की मांग संबंधी ज्ञापन प्राप्त हुआ है। संबंधित विभाग के अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। जल्दी ही
आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।
- अमित कुमार सिंह, तहसीलदार