अड्डा बाजार। क्षेत्र के गजरहीं के चंदनपुर टोला के पास खेत में गिरी फसल पानी में डूब गई है। फसल बचाने के लिए किसान पंपसेट से खेत में भरा पानी निकाल रहे हैं।
टोला के इर्द-गिर्द अड्डा संपतिहा सड़क के किनारे दोनों तरफ कई लोग पक्का मकान बनाकर बस गए। सड़क तक मिट्टी डालकर ऊंचा कर लिया है। पूर्वी सिवान का पानी सड़क के किनारे से होकर रेलवे ढाला निकट स्थित पुलिया से निकल जाता था। पिछले वर्ष तक जैसे-तैसे अस्थायी कच्ची नाली खोदकर तात्कालिक जल निकासी समस्या समाधान कर लिया जाता था।
घर बनने के बाद से इस बरसात में सारे विकल्प बंद हो गए। इसका नतीजा यह हुआ कि खेत का पानी सूख ही नहीं पाया। मोंथा तूफान की बरसात ने समस्या और बढ़ा दी। पंपसेट से खेत में भरा पानी निकाल रहे श्याम सुंदर गुप्ता ने कहा कि बगैर नाली निर्माण के पंप सेट के अलावा खेत सुखाने का कोई विकल्प नहीं बचा है।
संतलाल गुप्ता ने कहा कि उनके खेत में पककर तैयार फसल पानी में डूब गई है। हाथ से कटाई करनी होगी। इसी तरह की पीड़ा भानमती देवी, कमाल, केशव गुप्ता, सोनू कुमार, सुनीता आदि ने साझा किया।