मऊपाकड़ में दुकानों से खाद्य सुरक्षा विभाग ने नमूना लिया।
महराजगंज। नवरात्र पर आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य व पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष अभियान चलाया। सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. टीआर रावत के निर्देश पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी केके उपाध्याय के नेतृत्व में विभागीय टीम ने जिले के विभिन्न स्थानों पर निरीक्षण किया। इस अभियान के तहत खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए चार नमूने संग्रहीत कर जांच के लिए भेजे।
टीम ने मऊपाकड़, महराजगंज में जनरल स्टोर का निरीक्षण किया, जहां फाफड़ आटा (फेश ब्रांड) का नमूना लिया गया। इसके अतिरिक्त, स्टोर से घी (गोपी श्री ब्रांड) का नमूना संग्रहीत कर जांच के लिए भेजा। चौक बाजार में किराना स्टोर का निरीक्षण किया गया, जहां बेसन और किशमिश (स्वदेश ब्रांड) के नमूने लिए गए।
निरीक्षण के दौरान किशमिश के पैकेट पर आवश्यक जानकारी जैसे पैकिंग तिथि, बैच नंबर न होने के कारण छह किलो 250 ग्राम किशमिश को सील कर विक्रेता की सुरक्षित अभिरक्षा में सौंप दिया गया।
इस अभियान में चार नमूने संग्रहीत किए गए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी हंसराज प्रसाद, अंकित सिंह, पवन गौड़ और हिमांशु जयंत शामिल रहे। विभाग ने जनता से अपील की है कि वे खाद्य पदार्थ खरीदते समय पैकेजिंग और गुणवत्ता की जांच अवश्य करें।