साइबर ठगी का शिकार हुआ युवक, 43 हजार रुपये खाते से निकाला
संवाद न्यूज एजेंसी
परतावल। श्यामदेउरवां थानाक्षेत्र के रूद्रपुर भलुही निवासी रमेश गिरी साइबर ठगी का शिकार हो गए। उनके खाते से 43,047 रुपये ठगों ने निकाल लिए। खाते से रुपये निकलने के बाद मैसेज आने पर जानकारी हुई। पीड़ित ने श्यामदेउरवां थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
रूद्रपुर भलुही निवासी पीड़ित रमेश ने बताया कि बीते आठ मार्च को महराजगंज के एक दुकान पर चश्मा बनवाने गए थे। चश्मा लेने के बाद 250 रुपये ऑनलाइन भुगतान किया। जिसपर दुकानदार ने कहा कि पैसा मेरे खाते में नहीं आया है, जबकि मेरे खाते से पैसा कट गया है। पुन: दुकानदार को पेटीएम से 250 रुपया भुगतान किया। पहले कटे हुए 250 रुपये पाने के लिए मैने एसबीआई के टोल फ्री नंबर पर फोन किया। कस्टमर केयर से मुझे एक नंबर मिला जिस पर संपर्क किया तो एक लिंक गूगल पर डाऊनलोड करने के लिए कहा गया। लिंक डाऊनलोड करने के बाद मेरे खाते से तीन बार में 43,047 रुपये कट गया। थानाध्यक्ष आनंद कुमार गुप्ता ने बताया कि मामले की जांच साइबर सेल कर रही है।