निचलौल। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने और सीमा पार से होने वाली अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों ने निगरानी बढ़ा दी है। शुक्रवार को एसएसबी की 22वीं वाहिनी झुलनीपुर और बहुआर पुलिस ने संयुक्त रूप से झुलनीपुर, बहुआर लाइन टोला और करमिसवा तक पैदल गश्त की। इस दौरान नेपाल से भारत आने वाले वाहनों की जांच की गई और सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया।
बहुआर चौकी प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता ने बताया कि धनतेरस, लक्ष्मी पूजा, छठ और भैया दूज सहित आगामी त्योहारों को देखते हुए संयुक्त गश्त की गई। इसका उद्देश्य शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों पर रोक लगाना है।
उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है।
इस दौरान उपनिरीक्षक कपिल प्रजापति, आनंद यादव, शुभम वर्मा, विकास यादव, राम आशीष यादव सहित एसएसबी के जवान मौजूद रहे।