महराजगंज। बुधवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम धनेवा में जूनियर बालक हाकी प्रतियोगिता हुई। खेल निदेशालय के निर्देशन में आयोजन क्रीड़ा विभाग ने किया। स्पोर्ट्स स्टेडियम रेड व स्पोर्ट्स स्टेडियम ग्रीन के बीच फाइनल मुकाबला खेला गया। स्पोर्ट्स स्टेडियम रेड की टीम ने हाॅकी स्टिक से कमाल करते हुए रोमांचक मुकाबले में तमगा कब्जाया।
जूनियर बालक हाकी प्रतियोगिता में कुल छह टीमों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल समाजसेवी सनत पांडेय( दद्दन बाबा) और अनिल कुमार गुप्ता ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। दोनों अतिथियों का स्वागत बैज लगाकर व स्मृति चिह्न देकर जिला क्रीड़ा अधिकारी सरिता रानी ने किया। पहला मैच सरदार पटेल कालेज की टीम व स्पोर्ट्स स्टेडियम रेड के बीच हुआ जिसमें 2-1 से स्पोर्ट्स स्टेडियम रेड ने जीत हासिल की।
दूसरा मुकाबला राष्ट्रीय इंटर काॅलेज बाली और स्पोर्ट्स स्टेडियम ग्रीन के बीच हुआ जिसमें स्पोर्ट्स स्टेडियम ने 1-0 से एकतरफा जीत दर्ज की। पहला सेमीफाइनल स्पोर्ट्स स्टेडियम रेड और रैनबो एकेडमी के बीच हुआ, जिसमें स्पोर्ट्स स्टेडियम रेड ने जीत हासिल कर फाइनल में प्रवेश किया।
दूसरा सेमीफाइनल मरियम एकेडमी व स्पोर्ट्स स्टेडियम ग्रीन के बीच खेला गया जिसमें स्पोर्ट्स स्टेडियम ग्रीन ने जीत हासिल किया। फाइनल मुकाबला स्पोर्ट्स स्टेडियम रेड व स्पोर्ट्स स्टेडियम ग्रीन के बीच खेला गया जो काफी रोमांचक रहा।
स्पोर्ट्स स्टेडियम रेड ने 3-2 से जीतकर खिताब अपने नाम किया। निर्णायक सचिन चौधरी, आसिफ एकबाल, सत्येंद्र, अबुफजल रहे। जिला अस्पताल की मेडिकल टीम प्रतियोगिता के वक्त मुस्तैद रहा। विजेता व उप विजेता टीम को पुरस्कार क्रीड़ा अधिकारी सरिता रानी व सनत पांडेय ने दिया। इस मौके पर अमरनाथ, अनिल, सुनील कुमार, अजीत, अमित मौजूद रहे।