परसामलिक। शासन के निर्देश पर सोमवार को विशेष सचिव गौरव वर्मा ने नौतनवा ब्लॉक की नौ ग्राम पंचायतों का निरीक्षण किया। उन्होंने विकास कार्यों का जायजा लिया और बेहतर कार्य देखकर संतुष्टि जताई।
विशेष सचिव ने बड़हरा, भगवानपुर, हरपुर, अमहवा, देवघट्टी, खोरियां, विषखोप, हर्दीडाली व तरैनी ग्राम पंचायतों का दौरा किया। उन्होंने कुल 60 इंडिकेटर पर विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के क्रम में विशेष सचिव सबसे पहले ग्राम पंचायत बड़हरा पहुंचे। वहां उन्होंने विद्यालय, आंगनबाड़ी, डाइनिंग शेड, अन्नपूर्णा भवन और पंचायत भवन का जायजा लिया। आरआरसी केंद्र, एएनएम केंद्र, मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री आवास जैसे विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया गया। गुणवत्तापूर्ण कार्य देखकर विशेष सचिव गौरव वर्मा ने संतुष्टि जताई। इसके बाद उन्होंने भगवानपुर गांव में भी विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लिया।
प्रमुख सचिव को सौंपेंगे रिपोर्ट
गौरव वर्मा ने बताया कि यह निरीक्षण शासन के निर्देश पर किया गया है। कुल 60 इंडिकेटर पर स्थलीय समीक्षा के बाद प्रमुख सचिव को रिपोर्ट सौंपी जाएगी। इस दौरान बीडीओ अमित कुमार मिश्र, खंड शिक्षा अधिकारी सुदामा और सीएचसी अधीक्षक सुरेन्द्र कुमार, एडीओ पंचायत रामकृष्ण प्रसाद, सीडीपीओ रामजनम यादव, डीएलओ अंग्रेस सिंह और पशु चिकित्साधिकारी अशोक यादव भी मौजूद रहे।