पीडीए के कार्यक्रम में बोलते पूर्व एमएलसी गणेश शंकर पांडेय।
फरेंदा। समाजवादी पार्टी द्वारा रविवार को धानी क्षेत्र के करमहां में पीडीए जनपंचायत का आयोजन हुआ। जहां सपा कार्यकर्ताओं ने महंगाई, बेरोजगारी व भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भाजपा सरकार पर निशाना साधा।
इस मौके पर मुख्य अतिथि लोटन राम निषाद ने कहा कि भाजपा सरकार में महंगाई चरम पर है। सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। कानून व्यवस्था फेल है, जिससे जनता बेहद परेशान है। आगामी चुनाव में जनता ने समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का मन बना लिया है। पूर्व विधायक विनोद मणि त्रिपाठी ने कहा कि थानों व तहसीलों में किसानों व आम लोगों से वसूली की जाती है। बिना पैसे दिए कार्यालयों में कोई सुनवाई नहीं होती है। सरकार किसानों व गरीब जनता पर ध्यान नहीं दे रही है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पूर्व सभापति गणेश शंकर पांडेय ने कहा कि पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त है। सरकार झूठे बयान देकर जनता को गुमराह कर रही है। ऐसे में जनता ने सपा सरकार बनाने का मन बना लिया है। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष विद्या सागर यादव, विजय बहादुर चौधरी, बाबर अब्बासी, प्रणय गौतम, मदन गोपाल यादव, सोनू आदि लोग रहे।