महराजगंज। जिले की कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने और पुलिसिंग को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने छह उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल किया है। शनिवार को जारी आदेश के अनुसार सभी स्थानांतरण तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।
इस बदलाव में कई चौकी प्रभारियों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर भेजा गया है, जबकि पुलिस लाइन में तैनात एक उपनिरीक्षक को भी चौकी प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया पनियरा थाने की कस्बा पनियरा चौकी के प्रभारी उपनिरीक्षक पंकज यादव को बृजमनगंज थाने की धानी चौकी का प्रभारी बनाया गया है। वहीं, सोनौली थाने की भगवानपुर चौकी के प्रभारी अजय कुमार को सोनौली चौकी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सोनौली चौकी प्रभारी नरेंद्र पटेल को भगवानपुर चौकी प्रभारी बनाया गया है।
इसी क्रम में पुलिस लाइन में तैनात उपनिरीक्षक कृष्ण देव को कोतवाली थाने की नगर चौकी का प्रभारी नियुक्त किया गया है। नगर चौकी प्रभारी विजय गौड़ को कोतवाली थाने में भेजा गया है। वहीं, फरेंदा थाने में तैनात उपनिरीक्षक सौरभ कुमार को सिंदुरिया थाने के मिठौरा चौकी का प्रभारी बनाया गया है।