महराजगंज। छत्रपति शाहूजी महाराज स्पोर्ट्स स्टेडियम में गोरखपुर जोन की वार्षिक अंतरजनपदीय पुलिस क्रिकेट प्रतियोगिता का मंगलवार को शुभारंभ हो गया। पहले दिन संतकबीरनगर और बस्ती ने जीत से आगाज किया।
प्रतियोगिता का पहला मुकाबला बहराइच और संतकबीरनगर की टीमों के बीच खेला गया। संतकबीरनगर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 129 रन बनाए। जवाब में उतरी बहराइच की टीम 118 रन पर ही सिमट गई। इस तरह संतकबीरनगर ने 11 रन से मैच जीत लिया। संतकबीरनगर के खिलाड़ी ज्ञानेंद्र को शानदार गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने तीन ओवर में 20 रन देकर चार विकेट हासिल किए।
दूसरा मुकाबला बस्ती और देवरिया की टीमों के बीच खेला गया। बस्ती ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 127 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी देवरिया की टीम 119 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह बस्ती ने आठ रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया। बस्ती के खिलाड़ी आशुतोष को बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 25 गेंदों पर 48 रन की आकर्षक पारी खेलकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया।
इससे पहले, पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने गुब्बारे आकाश में छोड़कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। उद्घाटन कार्यक्रम में एएसपी सिद्धार्थ ने एसपी का स्वागत किया। इसके बाद एसपी ने प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही विभिन्न जनपदों की पुलिस टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और टीम भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही क्रिकेट मैदान और पिच का निरीक्षण कर आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
एसपी ने कहा कि खेल पुलिसकर्मियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से अनुशासन, धैर्य, नेतृत्व क्षमता और आपसी समन्वय की भावना विकसित होती है। इस तरह की प्रतियोगिताओं से अलग-अलग जनपदों के पुलिसकर्मियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ एक-दूसरे से परिचित होने और आपसी सौहार्द मजबूत करने का अवसर मिलता है।