गहन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया
परतावल। श्यामदेउरवा थाने में बुधवार को पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने नवनिर्मित मुख्य प्रवेश द्वार का फीता काटकर उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने थाना परिसर का गहन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना के विभिन्न रजिस्टरों, आगंतुक पंजिका और अपराध रजिस्टर की जांच की। उन्होंने संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि सभी अभिलेखों की प्रविष्टियां समय से पूर्ण की जाएं और रिकॉर्ड दुरुस्त रखा जाए। इस दौरान उन्होंने शस्त्रागार में रखे हथियारों के रखरखाव का निरीक्षण किया।
वहीं मेस में पुलिसकर्मियों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता भी परखी।थाना परिसर, बैरक और कार्यालय की सफाई को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए। एसपी ने कहा कि थाने पर आने वाले प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना जाए तथा उनका त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने पर जोर दिया। इस मौके पर क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर गौतम, एसओ अभिषेक सिंह, अंकित सिंह, चौकी प्रभारी अमित कुमार सिंह, शंभूनाथ सिंह मौजूद रहे।