तुलसियापुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर एक प्रतिनिधि मंडल बृहस्पतिवार को बढ़नी ब्लाॅक के तालकुंडा पहुंचा। यहां बीते दिनों मारपीट में घायल होने के बाद इलाज के दौरान मृत हुई कृष्णावती के परिजनों से जाकर मुलाकात की। शोकाकुल परिवार से शोक संवेदना प्रकट की और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
जानकारी के अनुसार, बढ़नी ब्लाॅक के तालकुंडा ग्राम पंचायत के केवटलिया टोले में कृष्णावती पत्नी लालजी चौहान की पड़ोसियों से मारपीट के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इसमें सपा जिलाध्यक्ष लालजी यादव के नेतृत्व में आरोपियों के खिलाफ सपा कार्यकर्ताओं और परिजनों ने पीएम हाउस और कलक्ट्रेट पर धरना दिया था। बृहस्पतिवार को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश सचिव महेंद्र सिंह चौहान, जिलाध्यक्ष लालजी यादव, पूर्व विधायक चौधरी अमर सिंह, समाजवादी शिक्षक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मणेंद्र मिश्र, उग्रसेन सिंह, विधानसभा अध्यक्ष हरिनारायण यादव शोकाकुल परिवार से शोक संवेदना प्रकट करने के लिए केवटलिया पहुंचे। इस दौरान नेताओं ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया।
इस दौरान जिला उपाध्यक्ष इदरीस पटवारी, पूर्व प्रमुख प्रदीप पथरकट्ट, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष शकील शाह, अभिषेक चौहान एडवोकेट, जनार्दन चौहान आदि मौजूद रहे।