महराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र के ग्राम चौमुखा निवासी राजेंद्र खरवार की बाइक 25 अगस्त 2025 की रात करीब 8 बजे घर के दरवाजे से चोरी हो गई थी। चोरी का आरोप देवरिया जिले के बैतालपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पहाड़पुर निवासी दिलीप और उसके एक अज्ञात साथी पर है।
घटना के तुरंत बाद राजेंद्र खरवार ने स्थानीय थाना घुघली में शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने 17 सितंबर 2025 को पुलिस अधीक्षक को रजिस्टर्ड डाक से प्रार्थना-पत्र भेजा लेकिन कोई जवाब नहीं आया। राजेंद्र ने अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में प्रार्थना-पत्र दाखिल किया। अदालत ने 29 अक्टूबर 2025 को प्रभारी निरीक्षक घुघली को उचित धाराओं में प्राथमिकी पंजीकृत कर विवेचना करने के निर्देश दिए। 30 नवंबर को प्राथमिकी दर्ज हुई। थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया की आरोपी दिलीप व एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।