घुघली। दो एकड़ जमीन के लिए एक बेटा हैवान बन गया। जमीन नाम न करने पर विशुनपुर गबडुआ निवासी बेटे ने बुजुर्ग पिता पर ईंट से सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से बुजुर्ग बेहोश होकर गिर पड़े। जिला अस्पताल में उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बेटे पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वारदात के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, विशुनपुर गबडुवा निवासी घुरहू के नाम करीब दो एकड़ जमीन है, जो तीन पुत्र सत्येंद्र, बंशीधर और मुरलीधर को बांट दिया था, लेकिन कागजात में घुरहू के नाम ही जमीन है।
जमीन अपने नाम करने को लेकर सबसे छोटा बेटा मुरलीधर हमेशा विवाद करता रहता था, जिससे वह बेच सके। मंगलवार को शाम करीब सात बजे जमीन विवाद को लेकर कहासुनी हो गई। तभी मुरली ने ईंट से पिता पर हमला कर दिया।
सिर में चोट लगने से घुरहू लहूलुहान होकर गिर पड़े। उनको नाती शुभम और अन्य परिजन जिला अस्पताल में भर्ती कराएं, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। क्षेत्राधिकारी सदर आभा सिंह ने बताया कि मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। मृतक की पत्नी केशा देवी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।