भिटौली थानाक्षेत्र स्थित गणेशपुर का मामला, चार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
भिटौली। स्थानीय थाना क्षेत्र स्थित गणेशपुर में बाप-बेटे के बीच बंटवारे को लेकर हुए विवाद के बाद मारपीट में बाप घायल हो गया। मामले में घायल की पत्नी शकीला की तहरीर पर पुलिस ने मंगलवार को चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस को दिए तहरीर में गनेशपुर निवासिनी शकीला ने बताया कि छह सितंबर की शाम करीब 4:30 बजे संपत्ति के बंटवारे को लेकर उसका बेटा फरमान और बहू आफरीन उससे गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि इसी दौरान आफरीन ने अपने मायके से भाई अब्दुल्लाह और मां फातुमा को बुला लिया। इसके बाद चारों लोगों ने मिलकर उसके पति सुलेमान के साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडे से मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि पति को बचाने के लिए शकीला और उसकी बेटी साहिबा बीच-बचाव करने पहुंचीं तो आरोपियों ने उनके साथ भी गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद सभी मौके से चले गए। मारपीट में सुलेमान को काफी चोटें आई हैं। थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर चार लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।