महराजगंज। संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों ने अधिकारियों को समस्याएं सुनाईं। इसमें ज्यादातर समस्याओं का समाधान कर दिया गया। पेंशन के लिए तो कोई अंत्योदय कार्ड बनवाने के लिए चक्कर लगा रहा है। जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस सदर तहसील में आयोजित हुआ।
सदर तहसील में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने लोगों की समस्याओं को सुना। इस दौरान 24 मामले आए, जिनमें मौके पर 06 प्रकरणों को निस्तारित कर दिया गया। अवशेष जनशिकायतों को संबंधित अधिकारियों को प्रेषित करते हुए जिलाधिकारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए समयांतर्गत और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए निर्देशित किया।
रामपुर खुर्द गांव की सुभावती देवी ने बताया कि नाम से खेतीबाड़ी के लिए जमीन नहीं है। बीते एक वर्ष से अंत्योदय कार्ड के लिए विभाग का चक्कर लगाना पड़ रहा है। गांव में ही जिसकी खेती है, उसका अंत्योदय कार्ड बना गया है। ब्लॉक से लेकर जिले तक अधिकारियों के कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ रहा है। अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। वहीं सेखुई गांव की इंद्रावती देवी भी परेशान दिखीं। उन्होंने बताया कि एक साल से पेंशन बनवाने के लिए समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ रहा है। पेंशन नहीं मिलने से परेशानी हो रही है।
नौतनवा तहसील सभागार में जनता की समस्याओं को सुना गया। बरवा खुर्द निवासी मंजू ने उप जिलाधिकारी नौतनवां नवीन प्रसाद को शिकायती पत्र देकर एक व्यक्ति पर उसके पति को बहला फुसलाकर कर स्टैंप पर जमीन लिखाने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया की पति जब जिंदा थे तभी गांव के एक व्यक्ति ने बहला फुसलाकर कर 5 डिसमिल जमीन स्टैम्प पेपर पर लिखवा लिया है और अब उस पर मकान भी जबरिया बनवा लिया है और अब न तो कब्जा हटा रहा है और नहीं पैसे दे रहा है। सोनौली कोतवाली क्षेत्र के सुकरौली उर्फ अरघा निवासी रामकृपाल ने उपजिलाधिकारी नौतनवां को शिकायती पत्र देकर घर के सामने लगे हैंड पम्प को ठीक कराने की मांग की। उन्होंने बताया कि घर के सामने हैंडपम्प लगा है, जो काफी दिनों से खराब पड़ा है। कुंसेरी उर्फ विशुनपुरा निवासी रामजनन यादव ने उपजिलाधिकारी नौतनवां को शिकायती पत्र सड़क चौड़ीकरण के दौरान जमीन का मुवाअजा दिलाने की मांग की। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर गोरखपुर सोनौली सड़क का चौड़ीकरण में जमीन अधिग्रहित हुई, लेकिन अभी तक मुवाअजा नहीं मिला। रुदौली उर्फ करैला गांव के ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी नौतनवां को शिकायती पत्र देकर चकबंदी विभाग पर मनमानी तरीके से चक आउट और जोत घोषित करने का आरोप लगाया है।
रुदौली उर्फ करैला गांव के ग्रामीण नरेंद्र सहानी, अशोक,आशा, सुनीता, महेंद्र, हरिश्चंद्र ने बताया कि गांव में चकबंदी प्रक्रिया चल रही है। चकबंदी प्रथम स्टेट पर धारा 5 में किसी भी व्यक्ति को चकबंदी कैसे होगी जानकारी नहीं दी गई। बस अपने मनमानी तरीके से जहां तहां चक आउट घोषित कर दिया गया।
समाधान दिवस में आए 93 मामलों में 14 का निस्तारण
नौतनवा। तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम नवीन प्रसाद एवं सीओ अंकुर गौतम ने जन फरियाद सुनीं। इसमें 93 मामले दर्ज हुए, जिनमें से 14 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
अधिकारियों ने मातहतों को समाधान दिवस में आने वाले मामलों का पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। संवाद