ठूठीबारी। गणतंत्र दिवस व अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे इंडो-नेपाल बार्डर क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियों की सर्तकता तेज होती जा रही है। महराजगंज जिले में 84 किमी तक खुली सीमा पर सतर्कता बढ़ा दी गई है। इसको लेकर स्थानीय पुलिस प्रशासन नेपाल सीमा से सटे गांवों की ड्रोन कैमरे से निगरानी कर रही है। वहीं चप्पे-चप्पे पर पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं। पुलिस व एसएसबी के जवान बाॅर्डर पर लगातार पेट्रोलिंग कर रहे हैं।
भारत-नेपाल के ठूठीबारी सीमा पर पुलिस क्षेत्राधिकारी अनिरुद्ध कुमार के नेतृत्व में ड्रोन कैमरे से निगरानी शुरू कर दी गई है। अंतरराष्ट्रीय प्रवेश द्वार पर पहुंचने वाले वाहनों व संदिग्धों की तलाशी की जा रही है। बृहस्पतिवार को ठूठीबारी कोतवाली पुलिस ने बाॅर्डर सहित कई गांव में ड्रोन कैमरे से निगरानी तेज कर दी है। सीओ निचलौल अनिरुद कुमार ने बताया कि गणतंत्र दिवस व 22 जनवरी को श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को लेकर अलर्ट है। भारत से नेपाल जाने और वहां से आने वाले यात्रियों की जांच के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है। पगडंडियों पर एसएसबी के साथ पेट्रोलिंग की जा रही है।