तहसील परिसर में कानूनगो को उचक्कों ने निशाना बनाया। कपड़े पर गंदगी लगी होने की बात कह कर उन्हें भ्रमित किया और 54 हजार रुपये पार कर दिए। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गोरखपुर के खजवां निवासी रामनेवास उपाध्याय सदर क्षेत्र के कानूनगो हैं। वह बुधवार को दिन में दो बजे के करीब तहसील कार्यालय परिसर से बाहर आए। उसी दौरान एक युवक ने कानूनगो से कपड़े पर गंदगी लगी होने की बात कही।
इस पर उन्होंने जैकेट निकाल दी और सामने नल पर कपड़ा धोने लगे। तभी उचक्का जैकेट लेकर चलता बना। कानूनगो ने बताया कि जैकेट में 54 हजार रुपये व पीएनबी बैंक का पासबुक तथा गाड़ी का चाभी थी।
जिसको उठा ले गया। उन्होंने यह भी बताया कि उनके पास 14 हजार पहले से था और 40 हजार रुपये पीएनबी बैंक से निकाल कर लाए थे। अभी घर जाने के तैयारी में थे कि घटना हो गई।