महराजगंज। नेपाल से पगडंडियों के रास्ते की जा रही तस्करी के सिंडिकेट का तिलिस्म अब टूटने लगा है। बीते एक माह में सीमावर्ती क्षेत्र में कपड़ा, चीनी, चावल, खाद की तस्करी करने वाले गिरोह के मंसूबों को नाकाम कर सुरक्षा बलों ने ताबड़तोड़ बरामदगी की। सुरक्षा एजेंसियां तस्करों के नेटवर्क को कमजोर करने में जुटी है। लगातार हुई कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मचा है। खासकर सीमावर्ती क्षेत्रों में अतिरिक्त निगरानी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, एक सप्ताह की बात करें तो कपड़ा से लेकर यूरिया समेत अन्य सामग्री की बरामदगी कर कस्टम को सौंपा गया। सोमवार को ठूठीबारी पुलिस ने गश्त के दौरान झरही नदी बंधे के पास यूरिया लेकर जा रहे आरोपियों को पकड़ा। तीन बोरी यूरिया, दो बोरी डीएपी और दो बोरी गेहूं बरामद किया गया। दो साइकिल व तीन बाइक भी बरामद की गई।
पकड़े गए पांच आरोपी नेपाल के हैं। खाद व गेहूं के साथ उनको कस्टम को ठूठीबारी पुलिस ने सौंप दिया। इस माह में तो लगातार कार्रवाई की जा रही है। पगडंडियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। सीमावर्ती क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी की जा रही है। सीमावर्ती थानों की पुलिस ने सूचना तंत्र को मजबूत कर प्रभावी कार्रवाई शुरू की है।
अपर पुलिस अधीक्षक आतिश कुमार सिंह ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्र में विशेष निगरानी की जा रही है। सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई जाती है।